
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को एंटी करप्शन ब्यूरो, एसीबी ने समन भेजा है। मामला सरकारी स्कूलों में क्लास रूम्स के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित है।
सरकारी स्कूलों में क्लास रूम्स के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एसीबी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को समन जारी किया है। एसीबी ने आप नेता सत्येंद्र जैन को 6 जून को एसीबी दफ्तर में बुलाया गया है और मनीष सिसोदिया को 9 जून को पेश होने को कहा गया है।
बता दें कि एसीबी ने 30 अप्रैल को आम आदमी पार्टी के इन दोनों नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। यह एफआईआर 12,748 क्लासरूम या सेमी-परमानेंट स्ट्रक्चर बनाने में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी है। सिसोदिया के पास केजरीवाल सरकार में वित्त और शिक्षा दोनों विभाग थे। तो वहीं, सत्येंद्र जैन के पास स्वास्थ्य, उद्योग, बिजली, गृह, शहरी विकास और पीडब्ल्यूडी जैसे विभाग थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया था और कहा था कि ये भाजपा की राजनीतिक चाल है।
सिसादिया और जैन की बढ़ीं मुश्किलें
आम आदमी पार्टी ने कहा था कि भाजपा जांच एजेंसियों का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के नेताओं पर हमला करने के लिए कर रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने स्कूलों में क्लास रूम्म के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के इस मामले में जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले मनीष सिसोदिया को दिल्ली में कथित तौर पर शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल दोनों जेल से बाहर हैं, लेकिन फिर से आम आदमी पार्टी के इन दोनों बड़े नेताओं की टेंशन बढ़ने वाली है।








