
संजय झा ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस तरह से भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और आम नागिरकों को कोई नुकसाना नहीं पहुंचाया, उसकी सभी देशों ने तारीफ की है।
जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय झा की अगुवाई वाला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पांच देशों की यात्रा पूरी कर दिल्ली वापस लौट आया है। संजय झा ने कहा कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का सबसे बड़ा संदेश यह रहा कि इस मुद्दे पर पूरा देश एकजुट है। पहलगाम की घटना की सभी देशों ने निंदा की। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस तरह से भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और आम नागिरकों को कोई नुकसाना नहीं पहुंचाया, उसकी सभी देशों ने तारीफ की है। संजय झा ने कहा कि हमने हर जगह आग्रह किया कि एफएटीएफ (वित्तीय कार्रवाई कार्य बल) द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लिया जाना चाहिए।
बीजेपी एमपी अपराजिता सारंगी ने क्या कहा?
बीजेपी की सांसद अपराजित सारंगी ने कहा कि सभी देशों ने सीमा पार आतंकवाद पर भारत के रुख की सराहना की। जहां तक भारत में अशांति पैदा करने और निर्दोष लोगों की हत्या का सवाल है तो पाकिस्तान के दृष्टिकोण की सभी निंदा की। सभी इस बात से सहमत थे कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है, आतंकियों को पोषित करता है।
संसद के विशेष सत्र पर क्या बोलीं अपराजित सारंगी?
अपराजिता सारंगी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल में पहले से ही विभिन्न राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व है। मुझे नहीं लगता कि संसद के विशेष सत्र की कोई आवश्यकता है। लेकिन निश्चित रूप से, व्यवस्था के वरिष्ठ नेता तय करेंगे। लेकिन मैं केवल इतना कह सकती हूं कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। बहुत जल्द संसद का मॉनसून सत्र होनेवाला है।
भारत आतंकवाद का शिकार, पाकिस्तान अपराधी
संजय झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल सीपीआई-एम सांसद डॉ. जॉन ब्रिटास ने कहा, ‘ हमने पांच देशों में जाकर वहां के विभिन्न वर्गों के बीच व्यापक चर्चा की और आतंकवाद पर भारत के रुख को सफलतापूर्वक रखा। हमने यह कहा कि भारत आतंकवाद का शिकार है और पाकिस्तान इसका अपराधी है।’ जॉन ब्रिटास ने कहा ये सभी बैठकें बहुत सफल रहीं। बता दें कि संजय झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और इंडोनेशिया की यात्रा की और भारत के पक्ष को मजबूती से रखा।








