
एक तरफ जहां रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है तो वहीं दूसरी तरफ रूस के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी उत्तर कोरिया पहुंचे हैं। उत्तर कोरिया के नेताओ और रूस के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के बीच कई मुद्दों पर बात होगी।
रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। यह जंग अब भयावह रूप लेती जा रही है। इस बीच जंग से बने हालातों पर बातचीत करने के लिए रूस के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी बुधवार को उत्तर कोरिया पहुंचे हैं। रूसी सुरक्षा अधिकारी यहां उत्तर कोरिया के नेताओं से बातचीत करेंगे। रूसी समाचार एजेंसी तास ने इसकी जानकारी दी है।
किस बात पर होगी चर्चा
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के बीच दोनों देशों के मध्य रणनीतिक साझेदारी समझौते के विवरण पर चर्चा होने की संभावना है। इस समझौते पर पुतिन और किम ने 2024 में हस्ताक्षर किए थे। रूसी मीडिया ने सुरक्षा परिषद की प्रेस टीम के हवाले से बताया कि वार्ता में “यूक्रेन के आसपास की स्थिति सहित अंतरराष्ट्रीय एजेंडे के मुद्दों” पर भी चर्चा होगी।
पुतिन ने की थी उत्तर कोरियाई सैनिकों की तारीफ
रूस के रक्षा मंत्री रह चुके शोइगु आखिरी बार मार्च के अंत में उत्तर कोरिया गए थे। अप्रैल में क्रेमलिन ने पुष्टि की थी कि उत्तर कोरियाई सैनिक रूस के कुर्स्क सीमा क्षेत्र में यूक्रेनी घुसपैठ को रोकने के लिए रूसी सेना के साथ मिलकर लड़ रहे हैं। उस समय पुतिन ने उत्तर कोरियाई सैनिकों की प्रशंसा की थी, जिनके बारे में उन्होंने कहा था कि ‘उन्होंने रूसी लड़ाकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हमारी मातृभूमि की रक्षा की।’

जारी है जंग
रूस और यूक्रेन के बीच जंग रोकने को लेकर तमाम प्रयास अब तक असफल साबित हुए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इसे लेकर प्रयास करते हुए नजर आए हैं। लेकिन, सच्चाई यह है कि जंग अब भी जारी है और कोई इसका अंत नहीं दिख रहा है। रूस और यूक्रेन दोनों तरफ से हताहत के संख्या बहुत अधिक है। लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार शांति की अपील कर रहा है, लेकिन अब हालात भयावह नजर आ रहे हैं।








