
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कांग्रेस मुख्यालय में जनता दरबार लगाया जहाँ गुमला के विनोद खलखो ने अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित है और जनता की समस्याओं का त्वरित निदान किया जाएगा। दरबार में 85 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं जिनमें तालाब जीर्णोद्धार और जमीन विवाद शामिल थे।
इन्होंने कहा कि इनके दादा जोहन खलको ने इगनिश खलखो को नौकर रखा था। पंजी टू में इनका नाम है, लेकिन इस पर किसी अधिकारी का नाम नहीं है और न ही तिथि अंकित है।
वह इसकी शिकायत डीजीपी, मुख्यमंत्री सहित सभी जगहों पर कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
मंत्री ने कहा- मामला अभी कोर्ट में पेंडिंग
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह मामला कोर्ट में भी लंबित है। इस दौरान कृषि विभाग में अनुकंपा पर नौकरी नहीं मिलने, कृषक मित्रों के बकाया नहीं मिलने, तालाब का जीर्णोद्धार सहित अन्य समस्याओं के बारे में सुना।
मंत्री ने कहा कि जनता की उचित समस्याओं का त्वरित निदान उनका मौलिक हक है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि जनता की समस्या फाइलों में उलझ कर ना रहे। अगर सरकार के अधिकारी कार्य करने में आनाकानी करते हैं तो शिकायत करें। उस पर कार्रवाई होगी।
जनता दरबार में कुल 85 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा। जनता दरबार में लिट्टीपाड़ा, धनबाद, सरायकेला, बरहेट, रांची, पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग, धनबाद सहित अन्य क्षेत्र के लोगों ने तालाब जीर्णोद्धार, जमाबंदी, डीप बोरिंग, धान खरीद की राशि नहीं मिलने, लैंप-पैक्स चुनाव, कृषि ऋण माफी, पारिवारिक भूमि विवाद, पेंशन, मुआवजा, मेधा डेयरी, स्टाल, मछुआरा आयोग के गठन, जमीन विवाद की समस्याओं को रखा।








