
टेलीविजन स्टार हिना खान और उनके पार्टनर रॉकी जायसवाल, जिन्हें प्यार से HiRo के नाम से जाना जाता है। उन्होंने अपनी शादी से एक इमोशनल वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक्ट्रेस नम आंखों से पति के बारे में बात करती दिखाई दीं।
टेलीविजन सुपरस्टार हिना खान ने 4 जून को अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल के साथ कई तस्वीरें शेयर करके प्रशंसकों को चौंका दिया था। शादी के कुछ दिनों बाद, उन्होंने शुक्रवार 6 जून को अपनी शादी का पहला वीडियो शेयर कर सभी को इमोशनल कर दिया है, जिसमें वह शादी के कागजात पर हस्ताक्षर करने से पहले भावुक होती दिखीं। कैंसर से जूझ रही हिना खान ने इस वीडियो में अपने पति के बारे में भी बात की। सोशल मीडिया पर ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम हिना खान ने इस वीडियो को इमोशनल नोट के साथ शेयर किया है। टीवी एक्ट्रेस की रजिस्टर्ड मैरिज के खास पलों की झलकियां अब खूब वायरल हो रही हैं।
हिना खान शादी में क्यों हुईं भावुक
वीडियो में, हिना खान ने स्टेज 2 ब्रेस्ट कैंसर से अपनी लड़ाई के दौरान अपनी खामियों को स्वीकार करने और उनके साथ खड़े रहने के लिए रॉकी का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘यह एक प्रतिज्ञा नहीं है, यह एक भावना और प्यार का रिश्ता है। प्यार पाना खूबसूरत है, लेकिन मेरे कमियों के साथ मुझे गले लगाने वाला सिर्फ ये शख्स है… मुझे नहीं पता कि कल क्या होने वाला है। मेरी सभी खामियों के साथ, मुझे स्वीकार करने के लिए धन्यवाद। तुम मेरे लिए इस दुनिया का सबसे बड़ा आशीर्वाद हो। बहुत-बहुत धन्यवाद।’ इमोशंस से भरी हिना को वीडियो में आंसू रोकते हुए देखा जा सकता है।
बिना प्रपोज किए 12 साल बाद की शादी
इसके अलावा रॉकी ने कहा, ‘वह सिर्फ मेरी दुनिया नहीं है, वह मेरी आत्मा है, वह मेरा दिल है और वो मेरी सबकुछ है। सब कुछ समझ में आता है, जब वह सिर्फ मुस्कुराती है।’ इससे पहले, अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट में एक्ट्रेस ने शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘दो अलग-अलग दुनियाओं से, हमने प्यार का एक ब्रह्मांड बनाया। हमारे अंतर मिट गए, हमारे दिल एक हो गए, जिससे जीवन भर चलने वाला बंधन बना। हम अपना घर, अपनी रोशनी, अपनी उम्मीद हैं और साथ मिलकर हम सभी बाधाओं को पार कर सकते हैं। आज, हमारा मिलन हमेशा के लिए हो गया है। हम पत्नी और पति के रूप में आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।’ दोनों की पहली मुलाकात हिना के शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के सेट पर हुई थी और शादी से पहले उन्होंने एक-दूसरे को 12 साल तक डेट किया था।








