तीसरी बार टला एक्सिओम-4 मिशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक्सिओम-4

मौसम की खराबी के कारण Axiom-4 मिशन को अभी टाला गया है। इसके लॉन्चिंग की नई तारीख और टाइमिंग भी बता दी गई है। इस मिशन में भारत की ओर से शुभांशु शुक्ला समेत अन्य तीन अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) जाने वाले हैं।

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए लॉन्च होने वाला एक्सिओम-4 (Axiom-4 ) मिशन खराब मौसम की वजह से तीसरी बार टल गया है। अब ये मिशन 11 जून को शाम करीब 5:30 बजे लॉन्च किया जाएगा। एक्सिओम मिशन 4 में चार देशों के चार एस्ट्रोनॉट 14 दिन के लिए स्पेस स्टेशन जाने वाले हैं।

शुभांशु ISS पर जाने वाले पहले भारतीय होंगे

इस मिशन में भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं। शुभांशु ISS पर जाने वाले पहले और स्पेस में जाने वाले दूसरे भारतीय होंगे। ऐसे में ISS जाने से पहले शुभांशु शुक्ला ने फुल ड्रेस रिहर्सल की। शुभांशु का कहना है कि वो बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें इस मिशन का हिस्सा बनने का मौका मिला है।

फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से भरी जाएगी उड़ान

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा के लिए कंपनी ‘स्पेसएक्स’ के फाल्कन-9 रॉकेट को मंगलवार शाम को अमेरिका में फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर (KSC) से उड़ान भरनी थी। इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा, ‘मौसम की स्थिति के कारण, भारतीय गगनयात्री को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजने के लिए एक्सिओम-4 मिशन का प्रक्षेपण 10 जून 2025 के बजाय 11 जून 2025 के लिए स्थगित कर दिया गया है। लॉन्चिंग का नया समय 11 जून 2025 को (भारतीय समयानुसार) शाम 5:30 बजे है।’

41 साल बाद स्पेस में जाएगा कोई भारतीय

शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा से 41 साल बाद भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान में वापसी हो रही है। इससे पहले राकेश शर्मा ने 1984 में सोवियत रूस के सोयूज अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष की यात्रा करके इतिहास रचा था। लखनऊ में जन्मे शुक्ला एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित इसरो-नासा समर्थित वाणिज्यिक अंतरिक्ष उड़ान दल का हिस्सा हैं।

शुक्ला के साथ अन्य ये तीन लोग भी रहेंगे मौजूद

एक्सिओम-4 (एक्स-4) मिशन में कमांडर पैगी व्हिटसन, पायलट शुक्ला और विशेषज्ञ हंगरी के टिगोर कापू और पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्निएव्स्की शामिल हैं। यह 14-दिवसीय मिशन भारत, पोलैंड और हंगरी के लिए मानव अंतरिक्ष उड़ान की ‘वापसी को साकार’ करेगा।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें