25 हजार का इनामी गैंगस्टर मुठभेड़ में घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुट्टुन यादव हत्याकांड में शामिल था आरोपित, साथी फरार
चंदौली में पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी गैंगस्टर विशाल पासी को गिरफ्तार किया। वह मुट्टुन यादव हत्याकांड में वांछित था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी भाग गया। विशाल पर 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसके पास से हथियार बरामद हुए हैं।
 विगत दिनों धानापुर में हुए चर्चित मुट्टुन यादव हत्याकांड में वांछित 25 हजार का इनामी बदमाश विशाल पासी को चकिया पुलिस और स्क्वायड सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। 

पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया। विशाल पासी पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के सिहोरी गांव का रहने वाला है। 

मंगलवार की रात करीब 12.30 बजे चकिया क्षेत्र के मुरारपुर तिराहे पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि धानापुर हत्याकांड से जुड़े दो अपराधी शिकारगंज होते हुए भभुआ की ओर जा रहे हैं। कुछ ही देर बाद बाइक सवार दो संदिग्ध तेज रफ्तार में आते दिखे।

रोकने का इशारा करने पर वह पहाड़ी की ओर मुड़ गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। उसकी पहचान विशाल पासी के रूप में हुई। उसका साथी अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान उर्फ सिपाही निवासी महुअर कला (बलुआ) मौके से भाग निकला। 

हत्याकांड में इसी पिस्टल से मारी थी गोली

पुलिस ने घटनास्थल से 32 बोर की पिस्टल, तीन कारतूस, दो खाली खोखा और एक काली रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। विशाल पासी ने कबूल किया कि उसने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर एक मई को धानापुर बस स्टैंड पर मुट्टुन यादव की गोली मारकर हत्या की थी। 

कुख्यात है विशाल पासी, 25 से अधिक मुकदमे दर्ज 

गिरफ्तार गैंगस्टर विशाल पासी पर हत्या, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट सहित कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और हत्याकांड के बाद इलाके में लगातार छिपता फिर रहा था। 

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई 

इस कार्रवाई को पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया व एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अंजाम दिया गया। कार्रवाई में चकिया थानाध्यक्ष अतुल कुमार, स्क्वाड प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा समेत स्क्वायड और सर्विलांस टीम के 12 सदस्य शामिल थे।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें