
पीएम मोदी आज शाम उन सांसदों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत विदेशों में भारत का संदेश लेकर गए थे। इसके साथ ही, पीएम मोदी सभी सांसदों के लिए डिनर की मेजबानी भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम अपने आधिकारिक आवास पर उन सांसदों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत विदेशों में भारत का संदेश लेकर गए थे। प्रधानमंत्री इस बैठक में विदेश से लौटे 7 प्रमुख सांसदों के प्रतिनिधियों के अनुभव और फीडबैक लेंगे। इसके अलावा, पीएम मोदी सभी सांसदों के लिए डिनर की मेजबानी करेंगे।
आतंकवाद पर पाक को बेनकाब करने का टास्क
सात सांसदों की अगुवाई में भेजे गए प्रतिनिधिमंडल को खासतौर पर आतंकवाद पर पाकिस्तान को दुनिया के सामने बेनकाब करने का टास्क दिया गया था। जिन सात सांसदों ने डेलिगेशन का नेतृत्व किया उनमें कांग्रेस से शशि थरूर, बीजेपी से रविशंकर प्रसाद, जदयू से संजय कुमार झा, बीजेपी से बैजयंत पांडा, डीएमके से कनिमोझी करुणानिधि, एनसीपी-एसपी से सुप्रिया सुले और शिंदे शिवसेना से श्रीकांत शिंदे शामिल थे।
आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति को बताना
दरअसल, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद आतंकवाद पर भारत का रुख दुनिया के सामने रखने के लिए अलग-अलग देशों में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजा गया था। इस डेलिगेशन के जरिए भारत ने आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति की जानकारी दी। सभी सर्वदलीय प्रतिनिधिमडंल वतन वापसी कर चुके हैं। अब प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ पीएम मोदी की आज मुलाकात है। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब अगले महीने मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है और तमाम विपक्षी दल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से ही सरकार के विशष संसद सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं।
पहलगाम हमले के बाद चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन घाटी में पर्यटकों पर पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमला किया था। इस आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर टूरिस्ट थे। इस आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तानी और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादियों पर जवाबी कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया और 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया था।








