
सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति राजा की हत्या कर दी। इसके बाद वह गायब हो गई। हालांकि, राज कुशवाहा के पकड़े जाने के बाद सोनम ने भी सरेंडर कर दिया था।
मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में विशेष जांच टीम (SIT) सीन रिक्रिएट करेगी। मेघालय पुलिस असम के गुवाहाटी में सीन रिक्रिएट करेगी और हत्याकांड के बारे में विस्तार से छानबीन कर पुख्ता सबूत जुटाने की कोशिश करेगी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सोनम और उसके कहने पर वारदात को अंजाम देने वाले अन्य चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। सबूत जुटाने के बाद जांच पूरी कर पुलिस चार्जशीट दाखिल करेगी।
सोनम रघुवंशी शादी के कुछ दिन बाद अपने पति राजा के साथ घूमने के लिए मेघालय गई थी। यहां से दोनों लापता हो गए और कुछ दिन बाद राजा का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और सोनम ने खुद यूपी में सरेंडर कर दिया था। अब पुलिस सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और सभी ने राजा की हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस की विशेष टीम सभी के साथ पूछताछ करेगी। SIT ने आरोपियों से पूछताछ के लिए सवालों की लंबी फेहरिस्त तैयार की है। इसके बाद पुलिस आरोपियों का आमना-सामना भी करा सकती है, क्योंकि पुलिस के पास राजा रघुवंशी मर्डर केस से जुड़े पुख्ता सबूत मिले हैं।
सीन रिक्रिएट करेगी पुलिस
मेघालय पुलिस ने सोनम सहित पांच आरोपियों को कस्टडी में ले रखा है और अब पुलिस सीन रिक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने असम के गुवाहाटी में सीने रिक्रिएट करने का फैसला किया है। इससे राजा की हत्याकांड से जुड़ी कड़ियां सुलझाने में पुलिस को मदद मिलेगी। गुवाहाटी स्टेशन के पास ही पुलिस को हत्या में इस्तेमाल होने वाला हथियार मिला था।








