
इंदौर की सोनम रघुवंशी ने हनीमून पर पति राजा की हत्या कर दी। एसआईटी पूछताछ में सोनम ने राज के माध्यम से हत्या करने की बात कबूली। पुलिस ने पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आठ दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपियों को इंदौर बिहार गुवाहाटी और गाजीपुर ले जाया जाएगा। सोनम के भाई ने कहा कि सोनम दोषी है तो उसे सजा मिलनी चाहिए।
मंगलवार रात तक गुमराह कर रही सोनम ने राज के सामने आते ही सिलसिलेवार घटना बता दी। इसके बाद पुलिस पांचों आरोपितों को एडीजे कोर्ट ले जाया गया। शिलांग में इस घटना की खूब चर्चा हो रही है। स्थानीय नागरिक आरोपितों को देखना चाहते हैं। शिलांग के सदर थाना और कोर्ट परिसर में सैकड़ों लोग जमा हो गए। स्थिति संभालने के लिए ब्लैक कमांडो तैनात करने पड़े।
दो गाइड और स्कूटर वाले ने थाने की शिनाख्त
राजा की मां से मिला सोनम का भाई गोविंद
बुधवार को सोनम का भाई गोविंद सहकार नगर स्थित राजा रघुवंशी के घर पहुंचा। गोविंद सीधे राजा की मां उमा से गले मिला और फूट-फूटकर रोया। गोविंद ने कहा, मुझे राजा की मौत का दुख है। सोनम की गिरफ्तारी का कोई अफसोस नहीं है। उसने कहा, सोनम दोषी है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। राज और सोनम के प्रेम प्रसंग पर उसने कहा, मुझे इस बारे में कोई पता नहीं था। वह हमेशा दीदी ही बोलता था। तीन साल से वह सोनम से राखी बंधवा रहा था। मेरे पास बैठाकर सोनम ने राखी बांधी है।
उसने यह भी कहा, इस परिवार ने एक बेटा खोया है। इसकी कभी भरपाई नहीं होगी। मैंने उनसे माफी मांगी। राजा मेरा प्रिय था। उसने कहा कि सोनम बहुत झूठी है। जब मैं गाजीपुर (उप्र) में मिला तो वह बोली कि इन लोगों ने राजा को मार डाला। मेरे साथ भी मारपीट की। मुझे बेहोश कर पटक कर भाग गए। मैंने उससे कहा कि राज, विशाल पकड़े जा चुके हैं। अब तो सच बता दें।
मगर सोनम झूठ बोलती रही। मैं समझ गया कि वह गुनाहगार है। वह हम सबको गुमराह कर रही है। राजा ने जितेंद्र रघुवंशी के बारे में सफाई देते हुए कहा, वह मौसी का बेटा है। मेरी फर्म पर काम करता है। उसके नाम का अकाउंट है और सोनम ही आपरेट करती थी। गोविंद ने मेघालय सरकार से भी माफी मांगी। उसने यह भी कहा कि सोनम राजा से रिश्ते से काफी खुश थी। उसने ऐसा क्यों किया, यह समझ से परे है।
बच्चों को संस्कार नहीं दो तो वे ‘सोनम’ बन जाते हैं : विजयवर्गीय
बच्चों को पढ़ाना-लिखाना, लेकिन संस्कार भी देना, बगैर संस्कार के बच्चे ‘सोनम’ बन जाते हैं। सोनम ने हमारे इंदौर को कलंकित कर दिया। हम कहीं भी जाते हैं तो लोग इस घटना के बारे में पूछने लगते हैं। बात करने में शर्म आती है। अगर बच्चों में संस्कार हों तो ऐसी घटना नहीं होगी। माता-बहनों एक रोटी कम खाना, लेकिन बच्चों को संस्कार जरूर देना।
यह बात कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर विधानसभा क्षेत्र एक में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि बच्चे को अगर शिक्षा दे दी और संस्कार नहीं दिए तो वे पशु बन जाते हैं। पाश्विक जिंदगी जीते हैं। कनकेश्वरी देवी ने प्रवचन में कहा था कि महिला में शर्म, ममता नहीं हो तो ऐसी महिला पूतना रहती है। विजयवर्गीय ने महिलाओं से अपील की कि बच्चों को नशे से बचाएं। उन्होंने कहा कि राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम के साथ जो लड़के पकड़े गए हैं, वे नशा करने वाले हैं। उन्होंने नशे में वारदात कर दी अब पछता रहे हैं।








