
आज PK की ‘जनसुराज’ ज्वाइन करेंगे मनीष कश्यप, इस सीट से लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव
बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप आज सोमवार को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को ज्वाइन करने जा रहे हैं। मनीष कश्यप ने खुद सोशल मीडिया पर इशारों में इस बारे में जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष उदय सिंह के साथ तस्वीर भी शेयर की है। आपको बता दें कि मनीष कश्यप ने बीते महीने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले 25 अप्रैल 2024 को मनीष कश्यप ने बीजेपी की सदस्यता ली थी। हालांकि, एक साल के भीतर ही उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ लिया।
मनीष कश्यप ने क्या बताया?
यूट्यूबर मनीष कश्यप ने X पर अपने अकाउंट से ट्वीट कर के जन सुराज में एंट्री का इशारा किया है। मनीष कश्यप ने प्रशांत किशोर और उदय सिंह के साथ तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा- “7 को बापू सभागार। बुझी हुई आश जलायेगें हम, घर घर रौशनी पहुँचायेंगे हम। पलायन का दर्द मिटाएंगे हम फिर से नया बिहार बनायेंगे हम।” जानकारी के मुताबिक, सोमवार को पटना के बापू भवन में डिजिटल योद्धा समागम का आयोजन होगा। इसी में वह जन सुराज पार्टी में शामिल होंगे।








