

प्रतापगढ़ जिले में एक रात में तीन मुठभेड़ों में पुलिस ने चार बदमाशों को गोली मारी जिनमें सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी और एक लुटेरा शामिल हैं। जेठवारा में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों ने एक किशोरी को ब्लैकमेल किया था। पुलिस ने रियाज अहमद और आतिफ हुसैन को खटवारा के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
जिले में एक ही रात चार स्थानों पर पुलिस मुठभेड़ हुई। पुलिस की ताबड़तोड़ जवाबी कार्रवाई में कुल छह बदमाश पकड़े गए। इसमें किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपितों समेत पांच बदमाशों को गोली लगी। उनको गिरफ्तार करके राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेठवारा की एक किशोरी 21 जून को बाबूगंज बाजार टाइनी शाखा पर पैसा निकालने गई थी। घर वापस आते समय दो युवकों ने घर पहुंचाने के बहाने गाड़ी में बैठाकर सामूहिक दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिए।
इसके बाद उसे प्रसारित करने देने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया व ब्लैकमेल करते रहे। डरी-सहमी किशोरी ने यह बात सोमवार सुबह घर वालों को तब बताई, जब आरोपित उसके घर तक पहुंच गए।
इसके बाद पिता ने किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और देर शाम दोनों युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर जेठवारा सुभाष कुमार यादव ने दोनों नामजद आरोपितों रियाज अहमद पुत्र अब्दुल सत्तार और आतिफ हुसैन पुत्र बादशाह डीहमेहंदी बाबूगंज लीलापुर की तलाश शुरू कर दी।
रात करीब 3:00 बजे खटवारा के पास दोनों आरोपित बाइक से आते दिखे। पुलिस ने रोकना चाहा तो फायर करने लगे। पुलिस के जवाबी फायरिंग में दुष्कर्म के आरोपितों के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़े। उनको पकड़ लिया गया।
इसी रात 3:30 बजे दूसरी मुठभेड़ महेशगंज में हुई। यहां पर 30 जून को आभूषण की छिनैती में वांछित बदमाश अंशु दुबे को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी।
वह नवाबगंज प्रयागराज का है। इसके कुछ ही देर बाद सांगीपुर में हुई मुठभेड़ में बराज प्रयागराज का बदमाश छैला बिहारी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। वह लूट के मामले में वांछित था।
इधर इसी दौरान फतनपुर में हुई मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय बदमाश रवि सिंह उर्फ बंटी पुत्र वीरेंद्र प्रताप सिंह छानापार फतनपुर गोली लगने से घायल हो गया। उसका एक साथी बदमाश आकाश उर्फ रचित सिंह पुत्र देवेंद्र प्रताप सिंह बरूआरा उदयपुर प्रतापगढ़ भी पकड़ा गया।
एसपी डाॅ. अनिल कुमार का कहना है कि अपराधियों पर जीरों टालरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोग घटना होने पर छिपाएं नहीं व डरें नहीं, पुलिस को सूचना दें।
