
दिल्ली में केजरीवाल सरकार पर एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भाजपा विधायकों द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा गया ज्ञापन गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है।
दिल्ली में केजरीवाल सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को कहा कि संविधान के कथित उल्लंघन के लिए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा गया ज्ञापन गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है।
गुप्ता ने एक बयान में दावा किया कि दिल्ली सरकार द्वारा छठे दिल्ली वित्त आयोग का गठन न करना और कैग रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई न करना संविधान का उल्लंघन है। भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 30 अगस्त को राष्ट्रपति से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में होने के कारण दिल्ली में उत्पन्न संवैधानिक संकट के बीच तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया।
गुप्ता ने राष्ट्रपति सचिवालय से प्राप्त एक पत्र को साझा करते हुए कहा, ‘राष्ट्रपति ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए उसे गृह सचिव को भेज दिया है।’ उन्होंने कहा कि उन्होंने गृह सचिव से इस मामले पर तत्काल और उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कही थी ये बात
हालही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का बड़ा बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि अगर अरविंद केजरीवाल चोर हैं, तो इस देश में कोई ईमानदार नहीं है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को भिवानी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी को हरियाणा में सरकार चलाते 10 साल हो गए, लेकिन उनके कार्यकाल में प्रदेश के सरकारी स्कूल और अस्पताल अच्छे नहीं हुए। यहां बिजली नहीं आती है।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल हरियाणा के ही बेटे हैं। दिल्ली में शानदार स्कूल-अस्पताल बनाने, मुफ्त बिजली-पानी देने, महिलाओं को मुफ्त बस सफर देने से आज दिल्ली का नाम दुनिया भर में रोशन है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरविंद केजरीवाल से डरते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनाने के बाद यहां के लोगों को भी दिल्ली, पंजाब जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
वहीँ दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा है। आतिशी ने कहा कि बीजेपी का एक ही काम है। चुनी हुई सरकारों को गिराना। जहां भी बीजेपी जीत नहीं पाती है। वहां वो विधायकों को खरीदकर पिछले दरवाजे से सरकार बनाने की कोशिश करती है।
सरकार गिराने की साजिश
इसके साथ ही आतिशी ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी ने भी यही कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। वो आप के विधायकों को खरीदकर सरकार नहीं गिरा पाए। इसलिए अब उन्होंने एक और साजिश शुरू कर दी है। दिल्ली की चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश की जा रही है।
दिल्ली की जनता चुनाव में देगी करारा जवाब
आतिशी ने कहा, ‘मैं बीजेपी को बताना चाहती हूं कि दिल्ली की जनता सब देख रही है। लोग जानते हैं कि अगर कोई उनके लिए काम करता है, तो वो अरविंद केजरीवाल हैं। अगर बीजेपी साजिश करके अरविंद केजरीवाल की सरकार गिराती है, तो आने वाले चुनाव में दिल्ली की जनता उन्हें इसका करारा जवाब देगी। अगर दिल्ली में राष्ट्रपति शासन होगा, तो बीजेपी अगली बार जीरो (विधानसभा) सीटें जीतेगी। मैं ये बात पूरे विश्वास के साथ कह सकती हूं।’








