दिल्ली से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान वापस लौटा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एयर इंडिया
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली उड़ान संख्या AI2017 संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण वापस लौट आई।

दिल्ली से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान तकनीकी समस्या के चलते उड़ाने भरने के बाद वापस लौट आया। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI2017 को तकनीकी समस्याओं के चलते वापस लौटना पड़ा। अब यात्रियों को दूसरे विमान से लंदन भेजने के इंतजाम किए जा रहे हैं।

एयर इंडिया प्रवक्ता ने क्या बताया?

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली उड़ान संख्या AI2017 संदिग्ध तकनीकी समस्या के कारण वापस लौट आई। कॉकपिट क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पालन करते हुए उड़ान को रोकने का फैसला किया और एहतियाती जांच के लिए विमान को वापस ले आए।’

यात्रियों के लिए किए जा रहे ये इंतजाम

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को जल्द से जल्द लंदन ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान तैनात किया जा रहा है। हमारा ग्राउंड स्टाफ यात्रियों को हरसंभव मदद मुहैया करा रहा है। यात्रियों की अच्छी तरह से देखभाल की जा रही है और उनकी सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

इस महीने की शुरुआत में ऐसी कई घटनाएं सामने आईं

एयर इंडिया की कई उड़ानों को पहले भी ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। पिछले हफ़्ते, जयपुर से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के सिर्फ़ 18 मिनट बाद ही वापस लौट आई। बाद में जारी एक बयान में एयर इंडिया ने कहा कि चालक दल को तकनीकी समस्या के संकेत मिले जिसकी वजह से विमान को वापस लौटाना पड़ा।

इससे पहले कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोहा जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के दो घंटे बाद वापस लौटना पड़ा था। अधिकारियों के अनुसार, विमान के एसी केबिन में गड़बड़ी की सूचना मिली थी।

180 से ज़्यादा तकनीकी खामियों का पता चला

इस महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार ने संसद में बताया था कि पांच एयरलाइन कंपनियों ने 21 जुलाई तक 183 तकनीकी खामियों की सूचना दी थी। इन 183 में से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 85 तकनीकी खामियों की रिपोर्ट दी थी। इंडिगो द्वारा 62, अकासा एयर द्वारा 28 और स्पाइसजेट द्वारा आठ रिपोर्ट दी गई थी।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Comment