मॉर्निंग वॉक पर निकलीं महिला सांसद की छिन गई चेन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मयिलाडुतुरै की सांसद आर. सुधा
दिल्ली में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है इसका अंदाजा इससे लगा लीजिए कि मॉर्निंग वॉक पर निकलीं कांग्रेस सांसद के साथ ही चेन स्नेचिंग की वारदात हो गई। इससे भी चौंकाने वाली बात है कि जिस जगह ये घटना हुई, उसे बेहद संवेदनशील इलाका माना जाता है।

देश की राजधानी में तमिलनाडु की महिला कांग्रेस सांसद एम सुधा के साथ एक गंभीर घटना हुई है। महिला सांसद के साथ सोमवार सुबह 6 बजे चेन स्नेचिंग की वारदात हुई है। दिल्ली के चाणक्यपुरी में अज्ञात झपटमारों ने मयिलाडुतुरै की सांसद आर. सुधा की कीमती सोने की चेन उस समय छीन ली जब वह सुबह की सैर पर निकली थीं। इस दौरान उनकी गर्दन पर चोट भी लग गई।

हाई सिक्योरिटी वाला इलाका है चाणक्यपुरी

बता दें कि चाणक्यपुरी इलाके को बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां कई दूतावास और राज्य सरकारों के आधिकारिक आवास स्थित हैं। ऐसे में इस हाई सिक्योरिटी वाली जगह पर इस वारदात का होना बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस ने बताया कि इलाके के तमिलनाडु भवन में रह रहीं सुधा सुबह की सैर के लिए निकली थीं, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

क्या बोलीं सांसद?

कांग्रेस सांसद आर. सुधा ने कहा, ”आज सुबह 6 बजे, तमिलनाडु भवन से 500-600 मीटर की दूरी पर यह घटना हुई। बाइक सवार बदमाश आए और उन्होंने मेरे गले से चेन छीन ली। मैं चिल्लाई लेकिन वे फरार हो गए। मैंने स्पीकर को शिकायत दी है। पुलिस को शिकायत दी है और शिकायत ले ली है। मैंने गृह मंत्रालय को शिकायत भेज दी है।”

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आरोपियों का पता लगाने और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए कई पुलिस दल तैनात किए गए हैं।’’ अधिकारियों ने बताया कि पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी बात कर रही है और जांच कर रही है। तमिलनाडु भवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

AAP ने दिल्ली सरकार पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ”दिल्ली में चेन, मोबाइल स्नैचिंग इतना आम हो गया है कि लोग अब पुलिस में FIR भी नहीं दर्ज करवाते। उन्हें पता है कुछ नहीं होगा, उल्टा समय व्यर्थ होगा। इसमें पूरा दोष पुलिस का नहीं है। दिल्ली पुलिस में हज़ारों पद खाली पड़े हैं और सरकार भर्तियाँ नहीं करना चाहती। जो हैं भी वो VIP सिक्योरिटी और आम आदमी पार्टी के लोगों को फसाने में व्यस्त हैं। पुलिस का राजनीतिकरण हो चुका है। उनका आंकलन काम से नहीं, राजनैतिक कार्यों से किया जाता है। उसी आधार पर पोस्टिंग दी जाती हैं। खैर दिल्ली की महिलायें अब मॉर्निंग वाक पर चेन पहन कर नहीं निकलती, बहुत सावधान रहती हैं, क्योंकि इनका मानना है कि चैन से जीना है तो चेन घर रखिए। ये तमिलनाडु से हैं इसलिए इनको पुलिस व्यवस्था का अंदाजा नहीं होगा।”

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें