रूसी सैन्य विमानों ने इस देश के हवाई क्षेत्र का किया उल्लंघन, मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लिथुआनिया के राष्ट्रपति गितानस नौसेदा

रूस और पश्चिमी देशों में बढ़ रहे तनाव के बीच 2 रूसी सैन्य विमानों ने लिथुआनिया के हवाई क्षेत्र का किया उल्लंघन किया है। रूसी विमान करीब 18 सेकंड तक लिथुआनिया की सीमा में रहे।

लिथुआनिया के राष्ट्रपति गितानस नौसेदा ने कहा है कि रूसी सैन्य विमानों ने कुछ समय के लिए उनके देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। उन्होंने इसे यूरोपीय संघ और नाटो सदस्य देश की क्षेत्रीय अखंडता का स्पष्ट उल्लंघन बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। लिथुआनिया के राष्ट्रपति नौसेदा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लिथुआनिया के विदेश मंत्रालय ने उल्लंघन का विरोध करने के लिए राजधानी विल्नुस में रूसी दूतावास के प्रतिनिधियों को तलब करने की योजना बनाई है।

क्या बोले लिथुआनिया के राष्ट्रपति?

लिथुआनिया के राष्ट्रपति नौसेदा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो पोस्ट में कहा, “यह अंतरराष्ट्रीय कानून और लिथुआनिया की क्षेत्रीय अखंडता का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे यूरोपीय वायु रक्षा तत्परता को मजबूत करने का महत्व एक बार फिर स्पष्ट होता है।’’ मॉस्को की ओर से इस घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है।

 

लिथुआनियाई सशस्त्र बलों ने क्या कहा?

लिथुआनियाई सशस्त्र बलों ने एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम लगभग 6 बजे, 2 रूसी सैन्य विमान लिथुआनियाई हवाई क्षेत्र में लगभग 700 मीटर (765 गज) तक उड़े। बयान में कहा गया कि एसयू-30 विमान और ईंधन भरने वाला विमान आईएल-78 लगभग 18 सेकंड बाद देश की हवाई सीमा से बाहर निकल गए। लिथुआनियाई सशस्त्र बलों का मानना ​​है कि सैन्य विमान पड़ोसी रूसी क्षेत्र कैलिनिनग्राद में ईंधन भरने का अभ्यास कर रहे होंगे।

रूस ने दी चेतावनी

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका समेत पश्चिमी देशों को चेतावनी दी है। पुतिन ने कहा है कि अगर यूक्रेन को रूस के भीतर तक हमला करने के लिए लंबी दूरी के हथियार दिए जाते हैं, तो रूस की प्रतिक्रिया चौंकाने वाली होगी।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें