छत्तीसगढ़ में फ्रॉड का एक अलग ही लेवल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सक्ती जिले में फर्जी बैंक खुलने की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में इस पूरे मामले पर जांच शुरू की गई। घटना स्थल पर देखा गया तो एसबीआई के नाम से फर्जी बैंक खोली गई थी।

छत्तीसगढ़ में फ्रॉड करने का एक अलग ही लेवल सामने आया है। सक्ती जिले में शातिरों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नाम से फर्जी बैंक शाखा खोल दी। एसबीआई के नाम से ही बैंक को संचालित करने लगे। इस मामले में फर्जी शाखा के तीन संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

छपोरा गांव में चल रही थी बैंक

सक्ती जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमा पटेल ने बताया कि यह फर्जी शाखा मालखरौदा पुलिस थाना क्षेत्र के छपोरा गांव में चल रही थी। सक्ती जिला, जांजगीर-चांपा जिले से सटा हुआ है और राज्य की राजधानी रायपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर है।

SBI के नाम पर लगाए गए थे पोस्टर और बैनर

पटेल ने बताया कि इस फर्जी शाखा को 18 सितंबर को एक वाणिज्यिक परिसर में किराए की दुकान में स्थापित किया गया था। जहां एसबीआई के पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि संदेह होने पर कुछ स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की।

पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया केस

अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक द्वारा सूचित किये जाने के बाद पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत फर्जी शाखा के तीन संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

फर्जी बैंक का भंडाफोड़

स्थानीय लोगों को नहीं पता था कि ये एसबीआई के नाम पर फर्जी बैंक है। वह इस बैंक को असली मान रहे थे। बैंक में किसी बड़े लेनदेन से पहले ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने इस फर्जी बैंक का भंडाफोड़ कर दिया।

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें