दीवाली के बाद भी सर्दी क्यों नहीं?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतीकात्मक तस्वीर

दिवाली बीत गई है लेकिन ठंड ने अभी तक दस्तक भी नहीं दी है। मौसम विभाग अभी भी यह स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है कि सर्दी कब आएगी? इसका मुख्य कारण यह है कि ला नीना नामक जलवायु घटना अभी तक विकसित नहीं हुई है।

नवंबर की शुरुआत हो गई है लेकिन ठंड अभी भी लापता है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो हफ्ते तक देशभर में गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा। उसके बाद ही मौसम में कुछ बदलाव आने की संभावना है। हालांकि अभी भी मौसम विभाग ने सर्दियों के आगमन की स्पष्ट भविष्यवाणी नहीं की है।

IMD प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि हम सर्दियों आगमन की तारीख इसलिए नहीं बता पा रहे हैं क्योंकि ला नीना अभी तक विकसित नहीं हुआ है। इसलिए मौसम विभाग इस समय सर्दियों के बारे में स्पष्ट भविष्यवाणी नहीं कर सकता है। बता दें कि ला नीना एक ऐसी जलवायु घटना है जो मध्य और पूर्व-मध्य भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह के तापमान के समय-समय पर ठंडा होने से जुड़ी होती है। नवंबर-दिसंबर में ला नीना बनने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो आने वाले सीजन में कड़ाके की ठंड (दिसंबर-फरवरी) पड़ने की आशंका है।

सर्दियों से है ला नीना का सीधा कनेक्शन

IMD प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि ला नीना आमतौर पर सर्दियों के दौरान उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में गिरावट से जुड़ा होता है। अनुकूल परिस्थितियां होने के बावजूद ला नीना की स्थिति अभी तक विकसित क्यों नहीं हुई, इसका पता लगाने के लिए शोध चल रहा है। बता दें कि नवंबर में IMD ने पूर्वोत्तर और पूर्व मध्य भारत और उत्तर पश्चिम और प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में ‘सामान्य से ज़्यादा’ अधिकतम तापमान की भविष्यवाणी की है।

अक्टूबर में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड

इस साल देश के लिए यह सबसे गर्म अक्टूबर रहा है। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड 1951 के अक्टूबर के नाम था। 2024 में अक्टूबर का औसत तापमान 26.92 रहा है। यह सामान्य से 1.23 डिग्री अधिक है। वहीं, 1951 में अक्टूबर का औसत तापमान 26.71 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के अनुसार नॉर्थ वेस्ट इंडिया में अक्टूबर सामान्य से 1.99 डिग्री गर्म रहा है। यहां पर औसत तापमान 25.71 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.99 डिग्री अधिक है।

वहीं, सेंट्रल इंडिया में भी अक्टूबर सामान्य से 1.27 डिग्री अधिक गर्म रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी इस बार देशभर के लिए सबसे गर्म रहा। अक्टूबर 2024 का न्यूनतम तापमान 21.85 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 1.85 डिग्री अधिक रहा। वहीं, मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.20 डिग्री अधिक गर्म रहा।

 

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें