जेक पॉल के पंच से चित हुए ‘बॉक्सिंग के ब्रैडमैन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माइक टायसन और जेक पॉल हाइलाइट्स

माइक टायसन और जेक पॉल के बीच 16 नवंबर को महामुकाबला खेला गया. टायसन ने लगभग 20 साल बाद प्रोफेशनल बॉक्सिंग में वापसी की थी. 58 साल के टायसन ने इस मुकाबले से पहले तक एक प्रोफेशनल बॉक्सर के रूप में 50 मुकाबलों में जीत हासिल की थी. अब उन्हें अपने करियर में सातवीं हार मिली.

अमेरिका के दिग्गज मुक्केबाज माइक टायसन ने लगभग 20 साल बाद प्रोफेशनल बॉक्सिंग में वापसी की. हालांकि उनकी वापसी यादगार नहीं रही. उन्हें जेक पॉल के खिलाफ महामुकाबले में 74-78 से हार का सामना करना पड़ा. जजों ने सर्वसम्मति से जेक को विजेता घोषित किया. टायसन पहले दो राउंड में तो आगे रहे, लेकिन बाकी के छह राउंड में वो पिछड़ गए. जेक और टायसन के बीच उम्र में 30 साल का फासला है. 58 साल के होने के बावजूद टायसन ने अंत तक हार नहीं मनी

देखा जाए तो माइक टायसन के प्रोफेशनल बॉक्सिंग करियर की यह सातवीं हार रही. इससे पहले टायसन ने आखिरी प्रोफेशनल मुकाबला साल में 2005 में केविन मैकब्राइड के खिलाफ खेला था, जिसमें भी वो हार गए थे. टायसन और जेक पॉल के बीच का मुकाबला 16 नवंबर (शनिवार) को एर्लिंगटन (USA) के एटी एंड टी स्टेडियम में था.

ऐसा रहा दोनों के बीच का महामुकाबला

माइक टाइसन और जेक पॉल के बीच ये हैवीवेट मुकाबला आठ राउंड का था. पहले राउंड को माइक टायसन ने 10-9 से अपने नाम किया. दूसरे राउंड में भी उन्हें 10-9 से जीत मिली है. तीसरे राउंड में जेक पॉल ने वापसी की और कुछ सॉलिड पंच जडे. तीसरा राउंड जेक पॉल ने 10-9 से अपने नाम किया. फिर चौथा राउंड भी 10-9 से पॉल के पक्ष में रहा. चौथे राउंड के बाद स्कोर बराबरी (38-38) था.

पांचवे राउंड में माइक टायसन को पॉल के ओवरहेंड पंच से चेहरे पर जोरदार चोट लगी, जिससे उनका मोमेंटम पूरी तरह टूट गया. पांचवां राउंड जेक पॉल ने अपने नाम किया और मुकाबले में बढ़त ले ली. फिर छठा, सातवां एवं आठवां राउंड भी पॉल ने अपने नाम किया. इस मुकाबले से माइक टायसन को 20 मिलियन डॉलर (लगभग 169 करोड़ रुपये) मिले. वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी जेक पॉल को कथित तौर पर 40 मिलियन डॉलर (लगभग 338 करोड़ रुपये) मिले.

माइक टायसन ने इस मुकाबले से पहले तक एक प्रोफेशनल बॉक्सर के रूप में 50 मुकाबलों में जीत हासिल की थी. जबकि उन्हें केवल छह में हार मिली. साल 1987 में टायसन ने सबसे कम उम्र में हैवीवेट चैम्पियन बनने की उपलब्धि हासिल कर ली. तब वह महज 20 साल के थे. खास बात यह रही कि टायसन ने 44 मुकाबले नॉकआउट के जरिए जीते. वहीं 27 साल के जेक पॉल यूट्यूबर से प्रोफेशनल बॉक्सर बने हैं. उन्होंने साल 2020 में प्रोफेशनल बॉक्सिंग शुरू की. पॉल ने इस मुकाबले को मिलाकर 12 में से 11 मैच जीते हैं.

नीरज गोयत ने हासिल की धांसू जीत

माइक टायसन और जेक पॉल के बीच मुकाबले से पहले भारत के नीरज गोयत का जलवा देखने को मिला. नीरज गोयत ने ब्राजील के विंडरसन न्यून्स को छह राउंड के सुपर मिडिलवेट मुकाबले में 60-54 से हराया. नीरज ने शुरुआती राउंड से ही विंडरसन पर दबदबा कायम रखा. नीरज गोयत भारत के हरियाणा राज्य से ताल्लुक रखते हैं और उन्होंने अपने करियर में कई अवॉर्ड्स जीते हैं. नीरज साल 2015, 2016 और 2017 में WBC एशियन चैम्पियन रह चुके हैं. नीरज गोयत WBC रैंकिंग में जगह बनाने पहले भारतीय बॉक्सर हैं. नीरज ने अब तक प्रोफेशनल बॉक्सिंग में 18 मुकाबले जीते हैं, जबकि चार में उन्हें हार मिली.

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें