

मुंबई के एक फ्लैट में एयर इंडिया पायलट सृष्टि तुली के मृत पाए जाने के मामले में उसके चाचा ने अहम खुलासा करते हुए कहा है कि उसने अपनी मृत्यु से 15 मिनट पहले मां और आंटी से खुशी-खुशी बात की थी। महिला पायलट के परिवार ने आत्महत्या की संभावना को सिरे से खारिज करते हुए उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सृष्टि के अंकल ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा, ‘पुलिस कह रही है कि उसने आत्महत्या की है। फिर उसने ऐसा क्या किया जिससे वह इस हद तक पहुंच गई? उसने खुशी-खुशी अपनी मां और मौसी से बात की। और 15 मिनट बाद उसकी मौत हो गई। यह कैसे हुआ? उसने अपनी मां और मौसी से क्या कहा? उसने क्या किया? पुलिस इसकी जांच कर रही है।’
प्रेमी पर परेशान करने का आरोप
परिवार ने सृष्टि के प्रेमी आदित्य पर उसे परेशान करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। गौरतलब है कि सृष्टि 25 नवंबर की रात दो बजे मुंबई में अपने फ्लैट में मृत पाई गई। सुबह उसे जगाने के लिए जब दरवाजे पर दस्तक दी गई तो मृत्यु की जानकारी हुई। मुंबई पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली का रहने वाला है ब्वॉयफ्रेंड
पुलिस ने मामले में उसके ब्वायफ्रेंड को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। दिल्ली निवासी ब्वॉयफ्रेंड आदित्य पंडित पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। जानकारी के अनुसार दोनों की पहली मुलाकात 2019 में दिल्ली में कमर्शियल पायलट लाइसेंस कोर्स के दौरान हुई थी। सृष्टि 27 वर्षीय आदित्य पंडित के साथ पिछले दो वर्षों से रिलेशनशिप में थीं। सृष्टि के एक रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि वह उसे प्रताड़ित करता था और गाली देता था। वह उस पर मांसाहार छोड़ने के लिए दबाव डालता था।
20 दिन पहले ही घर से लौटी थी सृष्टि
सृष्टि के रिश्तेदार ने बताया कि आदित्य 24 नवंबर को सृष्टि के घर गया था। संदेह है कि उसने ही हत्या की है। वह 20 दिन पहले ही अपने घर गोरखपुर से लौटी थी और काफी खुश थी। उन्हें पूरा यकीन है कि उसने आत्महत्या नहीं की। बुधवार को गोरखपुर में राजघाट पर पायलट का अंतिम संस्कार किया गया। पिता विशाल तुली ने उसे मुखाग्नि दी।
