नॉर्थईस्ट में बाढ़ से हाहाकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीएम मोदी ने प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को किया फोन।
 पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून की दस्तक के साथ ही असम मणिपुर समेत कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मणिपुर में 10 हजार से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं और असम में 5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों से बात कर हालात का जायजा लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
उत्तर पूर्वी राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिसके साथ ही कई जगहों पर मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। असम (Assam Floods) और मणिपुर समेत उत्तर पूर्वी भारत के ज्यादातर राज्यों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Called CMs) ने भी प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात करके हालात का जायजा लिया है। 

बाढ़ का कहर

बता दें कि बाढ़ के कारण मणिपुर में 10 हजार से ज्यादा घर तबाह हो गए, जिससे 56,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं असम में बाढ़ से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। असम के 22 जिलों में 5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ का कहर झेल रहे हैं। वहीं मिजोरम की राजधानी आइजोल में भी भारी बारिश के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने किया फोन

उत्तर पूर्वी राज्यों में बाढ़ के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग, मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से बातचीत के दौरान ताजा हालातों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने सभी राज्यों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा जताया है।

असम सीएम ने किया ट्वीट

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि उनकी पीएम मोदी से क्या बात हुई? असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया, “थोड़ी देर पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मुझे असम में मौजूदा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया। मैंने उन्हें बताया कि कैसे असम और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आई है और इससे कई लोगों की जान पर असर पड़ा है। मैंने उन्हें राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों से भी अवगत कराया।”

 

असम सीएम के अनुसार,

प्रधानमंत्री ने चिंता व्यक्त की और हमारे राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। असम के लोगों के लिए उनके मार्गदर्शन और अटूट समर्थन के लिए आभारी हूँ।

असम के 22 जिलों में 1254 गांव उजड़े

भारी बारिश के कारण असम के 22 जिलों में 5.15 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इस लिस्ट में हैलाकांडी, होजाई, लखीमपुर, नागांव, श्रीभूमि, कार्बी आंगलोंग, डिब्रूगढ़, मोरीगांव, कामरूप, कछार, गोलाघाट, दर्रांग, माजुली, धेमाजी, बिस्वनाथ, कामरूप (एम), कार्बी आंगलोंग पश्चिम, जोरहाट, तिनसुकिया, सोनितपुर, दिमा-हसाओ और शिवसागर का नाम शामिल है। इन जिलों के 1254 गांवों पर बारिश का कहर देखने को मिल रहा है।

इंफाल में नदियां उफान पर

मणिपुर में भी मूसलाधार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। मणिपुर में अचानक आई बाढ़ ने 10, 477 घरों को तबाह कर दिया। 56 हजार से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं। इंफाल के आसपास के इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक 2,913 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकाला जा चुका है।

मिजोरम में 5 की मौत

मिजोरम भी भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में आ चुका है। पहाड़ी इलाकों में भूस्ख्लन की घटनाएं देखने को मिल रही है। बाढ़ के कारण प्रशासन ने स्कूल बंद करने के आदेश दे दिए हैं। मिजोरम में बाढ़ से 3 म्यांमार के शरणार्थियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें