मौत से पहले विभु राघव ने किया था ये आखिरी पोस्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विभु राघव।
टीवी के पॉपुलर एक्टर रहे विभु राघव अब इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। कोलन कैंसर से जंग के बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। तीन साल से वो इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। अब उनका आखिरी पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी हालत की जानकारी साझा की थी।

टेलीविजन अभिनेता विभु राघव, जिनकी मासूम मुस्कान और गहरी आंखें दर्शकों के दिलों में आज भी बसी हैं, अब हमारे बीच नहीं रहे। 2 जून को मुंबई में उनका निधन हो गया। साल 2022 से कोलन कैंसर से जूझ रहे विभु ने आखिरी सांस नानावटी अस्पताल में ली, लेकिन उनकी जिंदादिली और हिम्मत की कहानी आज भी सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर रही है। एक्टर ने भले ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया हो लेकिन उनकी जिंदगी और मौत से लंबी जंग चली और उन्होंने इसे खुद अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में साझा किया था। अब उनका ये पुराना और आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट काफी वायरल हो रहा है और चर्चा में आ गया है।

वायरल हो रहा आखिरी पोस्ट

एक्टर विभु राघव ने अपना आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट अप्रैल के महीने में साझा किया था और इसके बाद से ही वो सोशल मीडिया से दूर हो गए। अब उनका ये आखिरी वीडियो देख लोगों के पास भावुक होने के सिवा कुछ भी नहीं बचा है। पोस्ट में विभु ने अपने संघर्ष का दर्द बयां किया था कि कैसे कैंसर उनके लीवर से फेफड़ों और रीढ़ तक फैल गया था। उन्होंने लिखा था,  ‘एक दौर में एक दिन।’ इस पोस्ट में साझा किए गए वीडियो में उन्होंने कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए बताया कि कीमोथेरेपी के चार राउंड के बाद भी स्कैन में सुधार नहीं दिखा। मगर उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी और कहा, “मैं एक नए ट्रीटमेंट पर हूं… उंगलियां क्रॉस कर रहा हूं… आप सभी से प्यार और दुआएं चाहता हूं।’

विभु ने फैंस से कहीं ये बातें

इस वीडियो की शुरुआत कुछ इस तरह होती है, ‘हेलो दोस्तों सोचा कि आज आपको ट्रीटमेंट के बारे में अपडेट दे दूं कि चल क्या रहा है। दिसंबर में मैंने बताया था कि एक पेट स्कैन हुआ और उसमें पता चला था कि कैंसर और बढ़ गया है। पूरे लिवर से आगे बढ़कर चेस्ट में, स्पाइन में और कुछ और एरिया में पहुंच गया है। जनवरी में हमने चार कीमोथेरेपी शुरू की और फिर जब स्कैन किया तो सैडली पता चला कि ट्रीटमेंट कारगर नहीं रहा और कैंसर आगे बढ़ रहा है। इसके बाद हमने दोबारा से ट्रीटमेंट शुरू किया और हम अब नया ट्रीटमेंट आजमा रहे हैं। हम इसके बीच में ही हैं। हमने उंगलियां क्रॉस कर रखी हैं। अगली साइकिल में जब स्कैन होगा तो हमारे पास अच्छी खबर होगी। आप लोग अपनी दुआएं भेजते रहें क्योंकि इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। धन्यवाद।’

मुश्किल भरे रहे बीते कुछ साल

अपनी पूरी बातटीत के दौरान वो बड़ी हिम्मत से मुस्कुराते रहे। बता दें, विभु राघव का असली नाम वैभव कुमार सिंह राघव था। ‘निशा और उसके कजिन्स’, ‘सावधान इंडिया’ जैसे शो से उन्हें लोकप्रियता मिली। उनके जीवन का असली संघर्ष पर्दे के आगे नहीं बल्कि पीछे चला। एक जानलेवा बीमारी से जूझते हुए भी उन्होंने अपने फैंस को सोशल मीडिया के जरिए सच्चाई बताई और लोगों का मनोरंज करने की कोशिश करते रहे। उनके पास 19 हजार से ज़्यादा फॉलोअर्स थे। बता दें, उन्हें आखिरी वक्त में तंगहाली से भी गुजरना पड़ा। उनके इलाज के लिए उनके परिवार और दोस्तों ने लोगों से गुहार लगाई और आर्थिक मदद मांगी थी। क्राउडफंडिंग की अपील करने वालों में एक्ट्रेस सौम्या टंडन, अनेरी वजानी और सिंपल कौल का नाम शामिल था।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें