गोरखपुर में सीएम योगी ने सुनी फरियाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फोटो- वीडियो ग्रैब
 गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध और जमीन कब्जाने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए और गरीबों को उजाड़ने वालों को न बख्शने की बात कही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। समस्या से जुड़ी शिकायत पर तेजी से कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित कराएं। जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, घबराइए मत। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। 

अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए। 

अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं।
जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। 

इस दौरान यह निर्देश भी दिया कि अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है, उन्हें इलाज में किसी तरह की दिक्कत न होने आए। साथ ही जो पात्र लोग किन्हीं कारणों से वंचित हैं, उनके आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया। 

मंदिर की गोशाला में गोवंश को दुलारकर खिलाया गुड़ 

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। 

शुक्रवार सुबह वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए श्यामा, गौरी, गंगा, भोला आदि नामों से गोवंश को पुकारा। पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी के माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। 

सीएम से बोले नन्हे योद्धा, हैप्पी बर्थडे महाराज जी 

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने मार्शल आर्ट्स सीखने वाले नन्हे योद्धाओं का समूह भी पहुंचा। इनमें बालिकाओं की संख्या अधिक रही। इन नन्हे योद्धाओं ने मुख्यमंत्री को ‘हैप्पी बर्थडे महाराज जी’ कहते हुए गुलाब का फूल भेंट किया। मुख्यमंत्री का जन्मदिन कल 5 जून को था। बच्चों से मिली शुभकामना पर सीएम मुस्कुराने लगे और उन्हें आशीर्वाद के साथ चॉकलेट गिफ्ट किए। 

सन्यास का मार्ग चुनने के बाद ही योगी आदित्यनाथ खुद अपना जन्मदिन नहीं मनाते हैं। पर, प्रतिवर्ष उनके जन्मदिन को लेकर समाज के हर आयु वर्ग में उल्लास छाया रहता है। गुरुवार (5 जून) को उनके जन्मदिन को विविध कार्यक्रमों के बीच संगठनों और लोगों ने मनाया। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए मार्शल आर्ट्स सीखने वाले बच्चे भी गोरखनाथ मंदिर पहुंचे।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें