
अखिल भारतवर्षीय नाथ समाज के प्रदेश महासचिव श्री लेखराज जोगी ने इंदौर के माननीय सांसद श्री शंकर लालवानी जी से भेंट कर समाज की दो महत्वपूर्ण मांगों को लेकर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पहली मांग गुरु गोरखनाथ जी के नाम पर इंदौर शहर में एक भव्य फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण की है, जिसे “योग सेतु” नाम देने का प्रस्ताव रखा गया है। यह ब्रिज न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा, बल्कि नाथ योग परंपरा के गौरवशाली इतिहास को भी सम्मानित करेगा।
दूसरी मांग इंदौर-जयपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12973/12974) का चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की है। वर्तमान में यह ट्रेन रात्रि 10:45 पर चौथ का बरवाड़ा स्टेशन पार करती है और 11:00 बजे सवाई माधोपुर पहुंचती है।
श्री जोगी ने बताया कि इंदौर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चौथ माता जी के दर्शन हेतु यात्रा करते हैं। उन्हें सवाई माधोपुर उतरकर बस से चौथ का बरवाड़ा जाना पड़ता है, जिससे यात्रा कष्टदायक बन जाती है। यदि ट्रेन का ठहराव चौथ का बरवाड़ा स्टेशन पर हो जाए, तो श्रद्धालु सीधे स्टेशन पर उतरकर दर्शन कर सकेंगे और उसी रात की ट्रेन से इंदौर लौट सकेंगे।
लेखराज जोगी ने बताया कि गुरु गोरखनाथ सिर्फ एक धार्मिक संत नहीं, बल्कि भारत की योग परंपरा के जनक माने जाते हैं, और उनकी शिक्षाओं का प्रभाव आज भी व्यापक रूप से समाज में देखा जा सकता है। समाज चाहता है कि भावी पीढ़ियों को भी उनके योगदान की जानकारी हो और एक स्थाई स्मृति स्थल इसके लिए सर्वोत्तम माध्यम बन सकता है।
सांसद श्री शंकर लालवानी जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि वे हिंदू आस्था के इस केंद्र — चौथ माता मंदिर — की यात्रा को सुविधाजनक और सुलभ बनाने हेतु रेलवे मंत्रालय व संबंधित अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
इस भेंटवार्ता के माध्यम से नाथ समाज ने जनहित और सांस्कृतिक आस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
इसके पहले भी लेखराज जोगी ने विधायक मधु वर्मा को अपनी मांगों लो लेकर ज्ञापन दिया था।








