

रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों के घर जाने में आसानी हो इसलिए सरकार ने परिवहन निगम की बसों में तीन दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। मंझनपुर डिपो को दो नई बसें मिली हैं जिससे कुल 32 बसें रक्षाबंधन पर चलेंगी। यह सुविधा 8 अगस्त से 10 अगस्त तक रहेगी।
भाइयों-बहनों के अटूट प्रेम का पर्व है रक्षाबंधन। इस पर्व पर बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके अथवा उन जगहों पर जाती हैं, जहां भाई रह रहे होते हैं। बहनों को यात्रा करने में कोई परेशानी न हो और उन पर किराए का भार न पड़े, इसके लिए सरकार ने परिवहन निगम की बसों में उनके लिए तीन दिनों तक यात्रा निश्शुल्क कर दी है।
वहीं, इस त्योहार पर मंझनपुर डिपो को सरकार द्वारा दो नई बसें भी दी गई हैं। इन्हें मिलाकर पर्व पर कुल 32 बसों का संचालन किया जाएगा। मंझनपुर डिपो की खुद की 30 बसें हैं।
यह बसें कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, राठ आदि जिलों के लिए चलती हैं। रक्षाबंधन पर्व पर बसों के बेहतर संचालन को लेकर परिवहन निगम ने भी तैयारी की है, जो बसें कुछ गड़बड़ थीं, वह भी दुरुस्त करवा ली गई हैं।
डिपो को दो नई बसें मिल गई हैं। कानपुर से दोनों नई बसें बुधवार रात तक डिपो में आ जाएंगी। इससे कुल बसों की संख्या 32 हो जाएंगी। उधर, सरकार ने पर्व के मद्देनजर शुक्रवार (आठ अगस्त) सुबह छह बजे से लेकर रविवार (10 अगस्त) को रात 12 बजे तक बहनों के लिए परिवहन निगम की बसों में यात्रा निश्शुल्क कर दी है।
लिहाजा, परिवहन निगम इन तीन दिनों तक सभी 32 बसों का संचालन डिपो से करेगा। जरूरत पड़ने पर कुछ बसों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं। बहरहाल, अभी कोई ऐसा आदेश जारी नहीं हुआ है।
मंझनपुर डिपो को दो नई बसें मिल गई हैं। अभी रक्षाबंधन पर्व पर यह बसें महिलाओं की यात्रा के लिए संचालित की जाएंगी। रक्षाबंधन पर्व के बाद इन बसों का किराया और रूट का निर्धारण कर संचालन किया जाएगा। महिलाओं की निश्शुल्क यात्रा को लेकर लिखित आदेश अभी नहीं मिला है, लेकिन आठ से 10 अगस्त तक सरकार ने निश्शुल्क यात्रा का निर्णय लिया है। -देवेंद्र कुमार तिवारी, एआरएम लीडर रोड डिपो।
