

तुर्किए से भारत पहुंचे यात्रियों के चेहरे पर राहत का भाव झलक रहा था। उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचे स्वजन भी काफी खुश थे। मालूम हो कि 12 दिसंबर को इस्तांबुल एयरपोर्ट से 400 यात्रियों को इंडिगो की दो उड़ानों से नई दिल्ली व मुंबई आना था। लेकिन अचानक एयरलाइंस ने दोनों उड़ानों को पहले विलंबित फिर रद कर दिया। तभी से ये लोग इस्तांबुल में ही फंसे थे।
200 यात्रियों को लेकर एक विमान शनिवार देर रात करीब दो बजे आइजीआइ एयरपोर्ट पर उतरा। यात्रियों को टर्मिनल से बाहर आने में करीब एक घंटा लगा। यात्रियों के साथ उन्हें लेने आए स्वजन भी काफी खुश थे।
उठ रहे कई सवाल
बताया जा रहा है कि जिन दोनों विमानों में तकनीकी खामी हुई, वे बोइंग विमान हैं और टर्किश एयरलाइंस से लीज पर लिए गए हैं। दोनों एक दशक से भी अधिक पुराने हैं। लोगों का कहना है कि एक तरफ इंडिगो अपने बेड़े के विस्तार की बात कहते हुए अंतरराष्ट्रीय रूटों पर आवाजाही बढ़ाने की बात करता है वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय रूटों पर लीज पर लिए गए पुराने विमानों का इस्तेमाल कर रहा है, यह सही नहीं है।
सर्वर डाउन होने से परेशान हुए इंडिगो यात्री
एक अन्य घटना में आइजीआइ एयरपोर्ट पर यात्रियों को तब काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उन्हें पता चला कि इंडिगो का सर्वर डाउन हो गया। हालांकि इंडिगो का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण सर्वर डाउन नहीं बल्कि स्लो हो गया था जिस कारण दिक्कत हुई।
